उत्तराखंड

हल्द्वानी को जलभराव से मिलेगी बड़ी राहत, 1003 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना को मंजूरी

Listen to this News

हल्द्वानी। मानसून के दौरान जलभराव, खुली नहरों और खराब जल निकासी की समस्या से जूझ रहे हल्द्वानी के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने शहर की व्यापक ड्रेनेज योजना को मंजूरी दे दी है। सिंचाई विभाग की ओर से तैयार की गई 1003.42 करोड़ रुपये की योजना के तहत हल्द्वानी में वैज्ञानिक तरीके से जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे बारिश के दौरान होने वाली समस्याओं में काफी कमी आने की उम्मीद है।

योजना के पहले चरण में 430.23 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें से 195.64 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। यह योजना कुमाऊं क्षेत्र के लिए तैयार किए गए 3394.22 करोड़ रुपये के व्यापक ड्रेनेज प्लान का हिस्सा है। पहले चरण में 15 शहरों और कस्बों में नालों का निर्माण, सुधार और जल निकासी व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हल्द्वानी, रुद्रपुर और काशीपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में अतिक्रमण और अनियोजित निर्माण के कारण प्राकृतिक जल निकासी बाधित हो गई है। नई योजना के तहत इन बाधाओं को दूर कर आधुनिक और वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान सड़कों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना के लागू होने से न केवल शहर में जलभराव की समस्या कम होगी, बल्कि सड़कें, आवागमन और शहरी बुनियादी ढांचे में भी सुधार आएगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वर्षों से चली आ रही जल निकासी की समस्या का अब स्थायी समाधान मिल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button