देहरादून रजिस्ट्री घोटाला: जमीन कब्जाने की साजिश में केपी सिंह गिरोह के 12 लोग नामजद

देहरादून। देहरादून के चर्चित रजिस्ट्री फर्जीवाड़ा मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने जमीन पर अवैध कब्जे की कथित साजिश रचने के आरोप में दिवंगत केपी सिंह गिरोह से जुड़े 12 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर पटेलनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता दिल्ली निवासी अशोक गोयल ने आरोप लगाया है कि विकासनगर तहसील के मल्हान ग्रांट स्थित उनकी भूमि पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि संबंधित भूमि राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज है और परिवार के बीच उसका विधिवत बंटवारा भी हो चुका है।
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता के दिवंगत चाचा की बीमारी का फायदा उठाकर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और उन्हीं के आधार पर जमीन पर अधिकार जताने की कोशिश की गई। आरोप है कि 12 जुलाई को जेसीबी मशीन से भूमि की तारबाड़ भी क्षतिग्रस्त की गई और मौके पर मौजूद कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने इस मामले में गिरोह से जुड़े 12 आरोपियों को नामजद किया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि देहरादून का रजिस्ट्री फर्जीवाड़ा मामला पहले से ही राज्य के सबसे चर्चित भूमि घोटालों में शामिल है। इस मामले की जांच पहले विशेष जांच दल (एसआईटी) कर चुका है और इससे जुड़े कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।



