उत्तराखंड

ढाई साल बाद उत्तराखंड आएंगे मल्लिकार्जुन खरगे, 8 अगस्त को हल्द्वानी से भरेंगे चुनावी हुंकार

Listen to this News

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करीब ढाई साल बाद उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। उनका दौरा 8 अगस्त को प्रस्तावित है, जहां वह हल्द्वानी के रामलीला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी इस रैली को कुमाऊं मंडल में अपनी ताकत दिखाने और चुनावी अभियान को धार देने के रूप में देख रही है।

राहुल गांधी की हालिया देहरादून रैली के बाद अब कांग्रेस ने कुमाऊं क्षेत्र पर फोकस बढ़ा दिया है। हल्द्वानी में होने वाली जनसभा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने बैठक कर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की है।

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि यह रैली कुमाऊं की सबसे बड़ी राजनीतिक सभाओं में से एक होगी, जिसमें विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में लोगों को रैली तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी है।

जनसभा के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों पर कांग्रेस का पक्ष रखेंगे। साथ ही बेरोजगारी, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है। कांग्रेस इस दौरे को उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए माहौल बनाने की दिशा में अहम कदम मान रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button