उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग में भूस्खलन से दहशत, 10 परिवारों ने छोड़े घर; लगातार बारिश से बढ़ा खतरा

Listen to this News

रुद्रप्रयाग जिले के ग्राम पंचायत तालजामण के जंदरियाण बडेथ थपोनी तोक में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। जमीन लगातार दरकने और पहाड़ी से मलबा गिरने के चलते इलाके में दहशत का माहौल है। खतरे को देखते हुए यहां रहने वाले 10 परिवारों ने अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ले ली है।

ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले साल आई आपदा के दौरान भी इस क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ था। उस समय प्रशासन और शासन स्तर से सुरक्षा दीवार समेत अन्य सुरक्षात्मक कार्य कराने का आश्वासन दिया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते इन कार्यों को पूरा नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि पिछले वर्ष ही भूस्खलन रोकने के जरूरी उपाय कर दिए जाते तो इस बार स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।

लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में जमीन धंसने का सिलसिला जारी है। पहाड़ी से गिर रहा मलबा लोगों के घरों और जान-माल के लिए खतरा बन गया है। ग्रामीणों ने बताया कि हालात बिगड़ने के बावजूद अभी तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल क्षेत्र का निरीक्षण करने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर उचित व्यवस्था उपलब्ध कराने और भूस्खलन रोकने के लिए सुरक्षा दीवार व अन्य सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की है।

लगातार बारिश के बीच 10 परिवारों के घर छोड़ने की स्थिति ने क्षेत्र में आपदा प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button