Badrinath News: पुलिसकर्मी से मारपीट का आरोप, आर्मी मेजर समेत 10 से 15 जवानों पर मुकदमा दर्ज

चमोली: बदरीनाथ धाम क्षेत्र में पुलिसकर्मी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने आर्मी मेजर समेत 10 से 15 सैन्यकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला शनिवार शाम माणा पुल के पास का बताया जा रहा है, जहां कांवड़ियों की भीड़ और मास्टर प्लान के कार्यों को देखते हुए पुलिस ने बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरियर लगाया था।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब पौने छह बजे आर्मी मेजर अनमोल प्रीत सादी वर्दी में जिप्सी से माणा गांव की ओर जा रहे थे। माणा पुल पर पुलिस ने बैरियर लगाकर बड़े वाहनों को आगे जाने से रोक रखा था। पुलिस के रोकने पर मेजर और पुलिसकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
माणा पुल पर कांवड़ियों की भीड़ के कारण लगाया था बैरियर
इन दिनों बदरीनाथ धाम के साथ ही देश के प्रथम गांव माणा में बड़ी संख्या में कांवड़िये पहुंच रहे हैं। पुल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और निर्माण कार्यों को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था के लिए बैरियर लगाया था। बड़े वाहनों को आगे जाने से रोका जा रहा था, जबकि छोटे वाहनों को रुक-रुककर आगे भेजा जा रहा था।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
विवाद के बाद पुलिस ने आर्मी मेजर समेत कई सैन्यकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस और सेना से जुड़े पक्षों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।



