नैनीताल हादसा: ताकुला पुरानी चुंगी के पास खाई में गिरी कार, चार लोग घायल

नैनीताल में मंगलवार को एक सड़क हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। हादसा ताकुला पुरानी चुंगी के पास हुआ, जहां हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, कार में पिथौरागढ़ निवासी नवीनचंद्र भट्ट (28), कैलाश चंद्र भट्ट (66), देवीदत्त भट्ट (63) और टिहरी गढ़वाल निवासी नितेश (23) सवार थे। सभी किसी काम से नैनीताल की ओर आ रहे थे। चालक के मुताबिक, ताकुला पुरानी चुंगी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और खाई में जा गिरी।
स्थानीय निवासी बसंत मेहरा ने कार को खाई में गिरते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने चारों घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत ठीक बताई गई है। उन्होंने कहा कि कार अगर कुछ फीट और नीचे चली जाती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।



