अमेरिका: ओहायो में सड़क हादसे में भारतीय इंजीनियर की मौत, गलत दिशा से आ रहे पिकअप ट्रक से हुई टक्कर

अमेरिका के ओहायो में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर दिलीप कुमार बुंगटावुला की मौत हो गई। हादसा 7 अगस्त को मैसेडोनिया इलाके में इंटरस्टेट-480 पर हुआ, जहां उनकी कार की सामने से आ रहे एक पिकअप ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दिलीप कुमार जिस सेडान कार को चला रहे थे, उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहा पिकअप ट्रक उनकी कार से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
दिलीप कुमार आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे और अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे थे। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।
हादसे के बाद उत्तरी अमेरिका तेलुगु सोसाइटी ने उनके परिवार की मदद के लिए फंड जुटाने की पहल शुरू की है। बताया गया है कि दिलीप का परिवार आंध्र प्रदेश में खेती पर निर्भर है। संगठन ने लोगों से परिवार की आर्थिक मदद के लिए योगदान करने की अपील की है।



