उत्तराखंड

देहरादून: सीएम धामी के संवाद कार्यक्रम में छात्रा की बात पर विवाद, स्कूल ने कराई जांच; प्रिंसिपल ने दी सफाई

Listen to this News

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान सीएमआई गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा शायरा की ओर से कही गई बात को लेकर उठे विवाद के बाद छात्रा और स्कूल प्रशासन ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। स्कूल की ओर से मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद प्रिंसिपल ने कहा कि शायरा एक होनहार छात्रा है और उसे स्कूल की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

प्रतियोगिता में चयन को लेकर हुई थी बात

शायरा ने बताया कि मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखते समय वह थोड़ी घबरा गई थी। वह जो कहना चाहती थी, उसे ठीक से व्यक्त नहीं कर पाई। मामला इंटरनेशनल क्वान की डो प्रतियोगिता में उसके चयन से जुड़ा था।

वहीं, स्कूल की ऑफिसिएटिंग प्रिंसिपल रबेका सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि शायरा विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है। हालांकि, संबंधित प्रतियोगिता में उसने स्कूल की ओर से प्रतिभाग नहीं किया था और न ही स्कूल स्तर पर इस तरह की कोई प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।

प्रिंसिपल के अनुसार, शायरा एक निजी एसोसिएशन के माध्यम से प्रतियोगिता में शामिल हुई थी, जहां उसे कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रा की प्रतिभा को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने उसे आगे भी हरसंभव सहायता देने की बात कही है।

सीएम धामी ने छात्रों से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने नशामुक्त उत्तराखंड, स्वच्छता, परिवहन, खेल, शिक्षा, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर छात्रों के सुझाव सुने।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों से मिले सुझावों को सरकारी नीतियों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने और चुनौतियों से सीख लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी।

140 विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित

कार्यक्रम में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड: एक विकसित राज्य के लिए मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी शुरू की गई। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के 140 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों की नीट, जेईई और क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग समेत अन्य आवश्यक शुल्कों का खर्च राज्य सरकार उठाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button