स्वतंत्रता दिवस: सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, बोले- उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने में दें योगदान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों, वीर-वीरांगनाओं और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने अपनी सैन्य परंपरा, वीरता और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली विरासत के साथ वैश्विक स्तर पर पर्यटन, वेडिंग और शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान बनाई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से उत्तराखंड को आदर्श, विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने में सहयोग देने की अपील की।
दो लाख करोड़ की विकास योजनाओं पर काम
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में करीब दो लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उत्तराखंड अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 30 से अधिक नई नीतियां लागू की गई हैं। मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना और वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमावर्ती गांवों के विकास को भी गति दी जा रही है।
स्थानीय उत्पादों और कृषि को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश के बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की शुरुआत की गई है। प्रदेश में सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ सगंध कृषि को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके अलावा धर्मांतरण रोकने के लिए बनाए गए कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है और जनभावनाओं के अनुरूप सख्त भू-कानून लागू किया गया है। नकल विरोधी कानून के तहत नकल माफिया के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
34 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां
सीएम धामी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सरकारी सेवाओं में 34 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, बेहतर यात्रा प्रबंधन और व्यवस्थाओं के चलते इस वर्ष अब तक 47 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। वहीं, कांवड़ यात्रा में करीब पांच करोड़ शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य को लौटे हैं।
महिला सशक्तीकरण पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ सहकारी समितियों में भी 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नारी सशक्तीकरण योजना और लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में अब तक तीन लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई जा चुकी हैं।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।



