एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी: 14 एशियाई देशों के स्केटर दून में दिखाएंगे हुनर, आज से शुरुआत

देहरादून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का आगाज सोमवार से हो रहा है। एशिया की प्रमुख शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं में शामिल इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन भारत और देहरादून में लगातार दूसरी बार किया जा रहा है। प्रतियोगिता 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता में भारत के अलावा हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, चीन और दक्षिण कोरिया के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस तरह कुल 14 एशियाई देशों के स्केटर दून में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
रविवार को प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिमाद्री आइस रिंक में अभ्यास किया। बड़ी संख्या में विदेशी खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी के कारण इसे भारत में आयोजित अब तक की बड़ी शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं में से एक माना जा रहा है।
देहरादून की अंतरराष्ट्रीय पहचान होगी मजबूत
भारत द्वारा लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी किए जाने से देहरादून की पहचान अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स और शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग के केंद्र के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता के आयोजन से भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू बर्फ पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों के लिए आगे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसरों के रास्ते भी खुल सकते हैं। आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष भी भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया था और दो खिलाड़ियों ने विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया था। इस वर्ष भी विश्व कप के मानक समय को हासिल करने वाले खिलाड़ियों को विश्व कप में जगह बनाने का मौका मिलेगा।



