उत्तराखंड

चमोली: अब तपोवन टनल में पानी का रिसाव, बनी खोखली जगह; कंपनी ने श्रमिकों को हटाया

Listen to this News

चमोली जिले में पीपलकोटी की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद अब तपोवन विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की टनल में पानी के रिसाव और खोखली जगह (कैविटी) बनने का मामला सामने आया है। इसको लेकर एक वीडियो भी सामने आया है। घटना के बाद कंपनी ने मौके से श्रमिकों को हटा दिया है और कैविटी के उपचार का काम शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, परियोजना के टीबीएम क्षेत्र की टनल में शनिवार को एक छोटी कैविटी बनने के साथ पानी का रिसाव हुआ। मामले की जानकारी सामने आने के बाद कंपनी की ओर से स्थिति को लेकर बयान जारी किया गया। कंपनी ने इसे टनलिंग प्रक्रिया के दौरान होने वाली सामान्य घटना बताया है।

कंपनी के मुताबिक, बरसात के मौसम में टनल के अंदर पानी का रिसाव होना सामान्य है। कैविटी बनने से किसी तरह के संभावित खतरे की बात से भी कंपनी ने इनकार किया है। सुरक्षा के मद्देनजर श्रमिकों को संबंधित स्थान से हटा दिया गया है।

फिलहाल कुछ दक्ष श्रमिकों की मदद से कैविटी और पानी के रिसाव का ट्रीटमेंट किया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उपचार का कार्य किया जा रहा है।

पीपलकोटी टनल हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता

गौरतलब है कि 13 अगस्त को चमोली के पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हुआ था। इस घटना में कई श्रमिकों की मौत हुई और कुछ श्रमिक लापता हुए थे। इसके बाद जिले में निर्माणाधीन सुरंगों और परियोजना स्थलों को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button