कोटद्वार: हाईवे पर हाथियों का तांडव, तीन वाहनों को पहुंचाया नुकसान; मची अफरातफरी

कोटद्वार में सोमवार सुबह सिद्धबली मंदिर और लालपुल के बीच पौड़ी हाईवे पर अचानक हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथियों को हाईवे पर देखकर वाहन चालकों और राहगीरों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान हाथियों ने वाहनों का पीछा किया और तीन वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना सुबह करीब 7:45 बजे की बताई जा रही है। हाथियों के हाईवे पर आने से दोनों ओर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए वाहन छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद हाथियों का झुंड सड़क से हटकर जंगल की ओर चला गया। हालांकि, वन विभाग के अनुसार एक हाथी कुछ समय तक घटनास्थल के आसपास ही घूमता रहा और दोबारा हाईवे की ओर आने का प्रयास करता रहा।
हाईवे पर बढ़ा मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा
घटना के दौरान लोगों ने हाथियों का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर हाथियों के पहुंचने से मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा एक बार फिर सामने आया है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही वाले मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।



