रुद्रपुर: 15 अगस्त की रैली में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार

रुद्रपुर: 15 अगस्त को रुद्रपुर शहर में हथियारों के साथ रैली निकालकर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक गंडासा बरामद किया है। मौके से तीन वाहन भी मिले, जिनमें से एक बाइक और एक स्कूटी छोड़कर अन्य युवक फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि 15 अगस्त की रैली में शामिल कुछ युवक ब्लॉक रोड की ओर हथियार लेकर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सखीवन स्टॉप सेंटर मोड़ के पास घेराबंदी की।
इस दौरान पुलिस ने करन साहनी (21), निवासी भूरारानी और गोविंदा गुप्ता (19), निवासी सुभाष कॉलोनी, हाल पालम ग्रीन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक गंडासा बरामद हुआ।
सीओ विभव सैनी के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवक रामपुर की ओर भागने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मौके से तीन वाहन भी बरामद किए। इनमें से एक बाइक और एक स्कूटी को छोड़कर अन्य युवक मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, रैली में हथियार लहराने के मामले में शामिल अन्य युवकों की तलाश भी की जा रही है।



