उत्तराखंड मौसम: कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, देहरादून में स्कूल बंद

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, अन्य जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून और टिहरी में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश और बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है।
देहरादून में कक्षा 1 से 12 तक स्कूल बंद
लगातार बारिश और मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए देहरादून के जिलाधिकारी ने मंगलवार को जिले में स्कूलों की छुट्टी के आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।
बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका
पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क बाधित होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए रखने के साथ लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच लोगों को नदी-नालों और गदेरों के आसपास जाने से बचने तथा अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है।



