उत्तराखंड

मेरे सपनों का उत्तराखंड: निबंध लेखन में विद्यार्थियों का उत्साह, अब तक 35 हजार निबंध अपलोड

Listen to this News

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ निबंध लेखन अभियान को विद्यार्थियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। अब तक 35 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपने निबंध ‘सीएम विद्यार्थी मंथन’ पोर्टल पर अपलोड किए हैं।

इस अभियान में खासतौर पर कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से उत्तराखंड के भविष्य और विकास को लेकर उनके विचार मांगे गए हैं। निबंध लेखन के लिए विद्यार्थियों को पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक समेत विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा करने का अवसर दिया गया है।

तीन लाख विद्यार्थियों से हुआ था ऑनलाइन संवाद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को प्रदेश के करीब तीन लाख 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने छात्रों से राज्य के विकास को लेकर अपने दृष्टिकोण और सुझाव निबंध के माध्यम से साझा करने का आह्वान किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि विद्यार्थियों से मिलने वाले विचारों का अध्ययन किया जाएगा और उपयोगी सुझावों को राज्य की नीतियों में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा।

140 श्रेष्ठ विचार वाले विद्यार्थियों को मिलेगा मौका

अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को चयनित किया जाएगा। इन विद्यार्थियों को शासन के सचिवों और मुख्यमंत्री के साथ सीधे विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा चयनित विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारियों के लिए छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को राज्य के विकास की प्रक्रिया से जोड़ना और उनकी सोच को नीति निर्माण तक पहुंचाना है।

सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी इस अभियान में लगातार भाग ले रहे हैं। पोर्टल पर हर दिन बड़ी संख्या में निबंध अपलोड किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों के बीच अभियान को लेकर उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button