उत्तराखंड

देहरादून: हरबंसवाला बैरियर पर पुलिस-बदमाश मुठभेड़, चेन स्नैचिंग का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Listen to this News

देहरादून: बसंत विहार थाना क्षेत्र के हरबंसवाला बैरियर पर देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह टी-स्टेट की ओर भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से बाद में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

14 अगस्त की चेन स्नैचिंग में था वांछित

पुलिस के मुताबिक, आरोपी 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में एक वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित था। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी और महिला से छीनी गई चेन बरामद की है।

चोरी की स्कूटी से वारदात को अंजाम देने का आरोप

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी के पास से बरामद स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी किया गया था। मुठभेड़ के बाद एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों और संभावित वारदातों में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button