उत्तराखंड: जनता की आवाज से बनेगा कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र, भुवन कापड़ी बोले- हर वर्ग से लिए जाएंगे सुझाव

देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष और विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि पार्टी का घोषणा पत्र केवल चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं और सुझावों को शामिल करने वाला दस्तावेज होगा। इसके लिए जिला और विधानसभा स्तर पर समाज के सभी वर्गों से सुझाव लिए जाएंगे।
मंगलवार को कांग्रेस भवन में घोषणा पत्र समिति की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में घोषणा पत्र की रूपरेखा पर चर्चा की गई। प्रेसवार्ता में भुवन कापड़ी ने बताया कि राज्य के निर्माण और विकास में हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनता से सीधे सुझाव लिए जाएंगे। समिति जल्द ही इस प्रक्रिया को शुरू करेगी और चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी करेगी।
युवा, महिला और कर्मचारियों समेत सभी वर्गों से लिए जाएंगे सुझाव
भुवन कापड़ी के अनुसार, घोषणा पत्र तैयार करने के लिए युवा, महिलाएं, कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता, छात्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अल्पसंख्यक, पूर्व सैनिक, उद्यमी और व्यापारी समेत समाज के विभिन्न वर्गों से सुझाव लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र उत्तराखंड में जनता द्वारा चुनी गई, जनता के लिए और जनता के प्रति जवाबदेह सरकार की पुनर्स्थापना का संकल्प होगा।
सरकारी स्कूल-कॉलेज और अस्पतालों को मजबूत करने पर जोर
समिति के संयोजक डॉ. प्रेम बहुखंडी ने कहा कि नेहरूवादी समाजवाद और सार्वजनिक संस्थाओं की पुनर्स्थापना कांग्रेस के घोषणा पत्र का प्रमुख आधार होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को मजबूत करने के साथ सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी पुरानी पेंशन व्यवस्था की वापसी के लिए प्रयास करेगी।
घोषणा पत्र की प्रक्रिया को जन आंदोलन का रूप देने की तैयारी
समिति के सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण के लिए हजारों लोगों ने आंदोलन किया था, लेकिन आज भी राज्य में आंदोलनकारियों को अपनी मांगों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र तैयार करने की प्रक्रिया को जन आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।



