उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज उत्तराखंड पहुंचेंगे, देहरादून और मसूरी में कार्यक्रम; सुरक्षा चाक-चौबंद

देहरादून: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार, 19 अगस्त को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह देहरादून और मसूरी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रशासन ने वीवीआईपी दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
देहरादून में आईएफएस अधिकारियों से करेंगे संवाद
उपराष्ट्रपति 19 अगस्त को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए), देहरादून पहुंचेंगे। यहां वह 2025-27 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) के परिवीक्षाधीन अधिकारियों से संवाद करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।
20 अगस्त को मसूरी में कार्यक्रम
दौरे के दूसरे दिन 20 अगस्त को उपराष्ट्रपति लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी में आयोजित 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस दौरान वह सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, रूट डायवर्जन भी लागू
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ शहर की सीमाओं, आंतरिक मार्गों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास सघन चेकिंग की जा रही है।
19 अगस्त को दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक और 20 अगस्त को सुबह 8:30 से 10:30 बजे तथा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने लोगों से यात्रा के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील की है।
सुरक्षा के मद्देनजर वीवीआईपी रूट पर पड़ने वाली ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके अलावा बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से संवेदनशील स्थानों की जांच की जा रही है।



