उत्तराखंड

गोलीकांड: शांत दून में फिर गोलियों की गूंज, डंडे से कार का शीशा तोड़ा और कर दी फायरिंग

Listen to this News

देहरादून: शांत माने जाने वाले देहरादून में सड़क पर विवाद के बाद फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। पटेलनगर क्षेत्र में दो गुटों के बीच विवाद के दौरान पहले डंडे से कार का शीशा तोड़ा गया और इसके बाद कार सवार युवकों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर पटेलनगर औद्योगिक क्षेत्र में एसजीआरआर कॉलेज वाली गली के पास दो गुटों के युवकों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान एक गुट के युवक कार में बैठकर वहां से जाने लगे। आरोप है कि दूसरे गुट के युवकों ने डंडे से कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद कार सवार युवकों ने चार-पांच राउंड फायरिंग की और लालपुल की ओर फरार हो गए।

पीछा करने पर फिर चली गोली

कार सवार युवकों के भागने के बाद दूसरे गुट के युवकों ने बाइक से उनका पीछा किया। शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूड्स चौक के पास कार सवार युवकों ने फिर फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से साहिल नाम का युवक घायल हो गया। गोली उसके बाएं कंधे में लगी। घायल को उसके साथियों ने तत्काल इंदिरेश अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कराया गया है।

पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के युवक पहले एक-दूसरे के परिचित थे। पिछले कुछ समय से उनके बीच विवाद चल रहा था। पुलिस घटना को पुरानी रंजिश और कॉलेज में हुए विवाद से जोड़कर जांच कर रही है। मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने शहरभर में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान नयागांव बैरियर के पास पुलिस ने एक आरोपी को घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

घटना के बाद देहरादून में सड़क पर बढ़ती फायरिंग की घटनाओं को लेकर कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान और हथियार के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button