उत्तराखंड से दिल्ली पहुंचे कांग्रेस नेता, एसआईआर को लेकर जताया विरोध; चुनाव आयोग के बाहर प्रदर्शन

देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। गुरुवार को उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंचे और चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा ने किया। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और हरीश रावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मतदाता सूची में नाम हटाने का लगाया आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए जा रहे हैं। कुमारी सैलजा ने दावा किया कि कुछ लोगों को उनके पते पर मौजूद नहीं होने की बात कहकर सूची से हटाने की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि कुछ युवा मतदाताओं को मृत या अनुपस्थित बताया जा रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची से नाम हटाने संबंधी शिकायतों में भी पारदर्शिता की कमी है। पार्टी ने निर्वाचन आयोग से पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
चुनाव आयोग से बातचीत का मिला न्योता
प्रदर्शन के बाद उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को भेजे पत्र में प्रतिनिधिमंडल को SIR से जुड़ी आपत्तियों पर चर्चा के लिए बुलाया गया है।
कांग्रेस ने कहा है कि वह मतदाता सूची और SIR से जुड़े अपने मुद्दों को आयोग के सामने रखेगी। विधानसभा चुनाव से पहले यह मुद्दा उत्तराखंड की राजनीति में आने वाले दिनों में और गरमा सकता है।



