
नरेंद्रनगर। टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक को उच्चीकृत कर स्थापित किए गए एकीकृत इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी संस्थान का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू होगा। संस्थान में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। दोनों पाठ्यक्रमों में कुल 90 सीटें निर्धारित की गई हैं।
तकनीकी शिक्षा सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, संस्थान को तकनीकी विश्वविद्यालय के कैंपस के रूप में संचालित किया जाएगा। पहले चरण में संस्थान के लिए आवश्यक भवन, कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और अन्य सुविधाओं का विकास राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाएगा।
बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में 60 सीटें और एआई में 30 सीटें होंगी। पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए 18 शिक्षण पद भी सृजित किए गए हैं। इनमें दो प्रोफेसर, चार एसोसिएट प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं। इसके अलावा छह गैर-शिक्षण पदों को भी मंजूरी दी गई है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि संस्थान शुरू होने से नरेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक और रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। खासकर कंप्यूटर साइंस और एआई जैसे क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की सुविधा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
प्रवेश प्रक्रिया अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) की स्वीकृति और विश्वविद्यालय की अनुमति के बाद संबंधित शैक्षणिक सत्र के अकादमिक कैलेंडर के अनुसार शुरू की जाएगी।



