उत्तराखंड

श्रीनगर: एंबुलेंस में मरीज की जगह मिला 90 किलो गांजा, चालक गिरफ्तार; 45 लाख रुपये बताई कीमत

Listen to this News

श्रीनगर गढ़वाल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक निजी इको एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, आवास विकास ग्राउंड के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध लगने पर एक निजी एंबुलेंस को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से 90 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से रविंद्र सिंह बिष्ट (45), निवासी चौरास, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह श्रीकोट में एंबुलेंस का संचालन करता है। पुलिस के मुताबिक, वह एक अन्य व्यक्ति के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा खरीदकर श्रीनगर ला रहा था और यहां इसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और गांजा सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली श्रीनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button