उत्तराखंड की बेटी अनुभा वशिष्ठ ने बढ़ाया मान, मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में बनीं रनर-अप

देहरादून: उत्तराखंड की बेटी अनुभा वशिष्ठ ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में शानदार प्रदर्शन करते हुए रनर-अप का खिताब हासिल किया। जयपुर में आयोजित फिनाले तक पहुंचने के लिए अनुभा ने 51 प्रतिभागियों के बीच करीब 40 दिनों तक चले प्रतियोगिता के सफर में अपनी जगह बनाई।
अनुभा ने प्रतियोगिता के दौरान अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद कौशल और प्रभावशाली मंचीय प्रस्तुति से जजों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी पहचान बनाई।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का फिनाले 23 अगस्त को जयपुर के जी स्टूडियो में आयोजित किया गया था। प्रतियोगिता में केरल की 19 वर्षीय कैजिया लिज मैजो ने खिताब अपने नाम किया, जबकि तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप रहीं। गुजरात की अनुश्री सतवालेकर और महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव ने भी टॉप-5 में जगह बनाई।
अनुभा की इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है। उनकी सफलता ने यह संदेश भी दिया है कि पहाड़ की बेटियां राष्ट्रीय स्तर के बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर अलग पहचान बना सकती हैं।



