उत्तराखंड: अब सभी दवाओं और सर्जिकल सामग्री की खरीद मेडिकल सप्लाइज कॉरपोरेशन करेगा, कैबिनेट ने दी मंजूरी

देहरादून: उत्तराखंड में दवाओं, सर्जिकल सामग्री, रसायन, चिकित्सा उपकरण और इंप्लांट्स की खरीद की जिम्मेदारी अब उत्तराखंड मेडिकल सप्लाइज कॉरपोरेशन को दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कॉरपोरेशन के गठन को मंजूरी दी गई।
सरकार का उद्देश्य अस्पतालों के लिए आवश्यक चिकित्सा सामग्री की खरीद को समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है। विभागीय स्तर पर विशेषज्ञों की कमी को देखते हुए केंद्रीकृत खरीद व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया गया है।
ई-टेंडरिंग और डिजिटल स्टॉक प्रबंधन पर जोर
नई व्यवस्था के तहत दवाओं और चिकित्सा सामग्री की खरीद के लिए ई-टेंडरिंग, गुणवत्ता परीक्षण, राज्य स्तरीय वेयरहाउस और डिजिटल स्टॉक प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इससे अस्पतालों में जरूरी दवाओं की उपलब्धता बेहतर होने और सरकारी धन की बचत होने की उम्मीद है।
खरीद लागत कम करने की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, देश के कई राज्यों में मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के माध्यम से इसी तरह की केंद्रीकृत खरीद व्यवस्था लागू है। उत्तराखंड में भी यह मॉडल लागू होने से खरीद प्रक्रिया अधिक प्रभावी होने के साथ लागत कम करने में मदद मिल सकती है।
हरिद्वार में खुलेगा एनसीडीसी का केंद्र
कैबिनेट ने हरिद्वार स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) की शाखा खोलने के लिए एक एकड़ भूमि देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इससे प्रदेश में रोग निगरानी, महामारी की जांच और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता मजबूत होगी। केंद्र में बीएसएल-3 स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।



