अमेरिका: मोंटाना में परिवार के आठ लोगों की गोली मारकर हत्या, चार बच्चे शामिल; हमलावर ने की आत्महत्या

मोंटाना: अमेरिका के मोंटाना राज्य में रविवार रात एक पारिवारिक डिनर के दौरान हुई गोलीबारी में आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे भी शामिल हैं। घटना बिलिंग्स शहर के बाहर एक घर में हुई, जहां परिवार के सदस्य एक साथ भोजन के लिए जुटे थे। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध हमलावर ने बाद में खुद को गोली मार ली।
पुलिस के मुताबिक, अधिकारियों को रविवार शाम घर में पारिवारिक विवाद की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के दौरान उन्हें घर के पीछे से गोलियों की आवाज सुनाई दी। इसके कुछ ही देर बाद पूरा मकान आग की चपेट में आ गया। आग और गोलीबारी के कारण पुलिस तथा दमकल कर्मियों के लिए राहत और बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
चार बच्चों समेत आठ की मौत
परिवार के एक सदस्य के अनुसार, हमले में 44 वर्षीय एलन स्मिथ पर अपने आठ रिश्तेदारों की हत्या करने का आरोप है। मृतकों में उसके माता-पिता, बहन, दादी और चार बच्चे शामिल हैं। पीड़ितों की उम्र चार पीढ़ियों तक फैली हुई थी, जिसमें सबसे बुजुर्ग सदस्य की उम्र 90 साल से अधिक और सबसे छोटी बच्ची की उम्र सात साल बताई गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, हमले से पहले स्मिथ के माता-पिता ने उसे कुछ सप्ताह पहले घर छोड़ने के लिए कहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वारदात के पीछे के मकसद की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है।
12 वर्षीय बच्ची ने की थी 911 पर कॉल
हमले के दौरान 12 वर्षीय चार्लोट घेकियर ने आपातकालीन नंबर 911 पर फोन कर पुलिस को सूचना देने की कोशिश की थी। परिवार और स्थानीय लोगों ने उसके इस प्रयास को बहादुरी भरा कदम बताया है। हालांकि, वह भी इस घटना में मारी गई।
पुलिस और जांच एजेंसियां गोलीबारी के साथ घर में लगी आग की परिस्थितियों और घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही हैं।



