अंकिता हत्याकांड: न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस का सीएम आवास कूच, पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोका

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को देहरादून में न्याय मार्च निकाला। कांग्रेस महिला कार्यकर्ता हाथों में बैनर, पोस्टर और राखियां लेकर मार्च में शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने मामले में सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने और कथित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई सामने लाने की मांग उठाई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ता हाथीबड़कला से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। उनके हाथों में न्याय की मांग से जुड़े पोस्टर और बैनर थे।
मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद महिला कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गईं। मौके पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच स्थिति बनी रही।
कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने और मामले में सामने आए वीआईपी प्रकरण की सच्चाई उजागर करने की मांग दोहराई।



