उत्तराखंड

देहरादून: कंपनी का एमडी बनकर व्हाट्सऐप पर 3.20 करोड़ की साइबर ठगी, आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम टीम ने 3.20 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कंपनी के उच्चाधिकारी और मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) बनकर व्हाट्सऐप के जरिए कंपनी के जनरल मैनेजर को झांसे में लेने और अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके साथियों ने व्हाट्सऐप पर खुद को कंपनी का एमडी बताकर जनरल मैनेजर से संपर्क किया। आरोपियों ने प्रोजेक्ट के एडवांस भुगतान और अन्य जरूरी खर्चों का हवाला देकर उसका भरोसा जीता। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई। जांच में श्याम ट्रेडिंग कंपनी के खाते में भी धनराशि भेजे जाने की जानकारी सामने आई। कुल ठगी की रकम करीब 3.20 करोड़ रुपये बताई गई है।

तकनीकी जांच के बाद कोलकाता पहुंची एसटीएफ

मामले की जांच के दौरान एसटीएफ ने डिजिटल ट्रेल, तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद टीम कोलकाता पहुंची और चंद्रकांत मिश्रा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पश्चिम बंगाल के महेशतल्ला क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

मोबाइल, सिम और लैपटॉप बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और एक एचपी लैपटॉप बरामद किया है। शुरुआती जांच में लैपटॉप से कई कंपनियों और संस्थानों से जुड़े संपादन योग्य दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा बैंक लोन से संबंधित आवेदन, आधार कार्ड और पैन कार्ड की प्रतियां भी बरामद हुई हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। अब एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर ठगी की पूरी साजिश, पैसों के लेनदेन और साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button