उत्तराखंड

नेपाल आपदा: देहरादून में नेपाली मूल के लोगों की बढ़ी चिंता, अपनों से संपर्क नहीं होने पर बेचैनी

Listen to this News

देहरादून। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद देहरादून में रह रहे नेपाली मूल के लोगों की चिंता बढ़ गई है। गढ़ी कैंट, राजपुर समेत शहर के कई इलाकों में रहने वाले लोग लगातार नेपाल में अपने परिजनों और परिचितों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन नेटवर्क बाधित होने के कारण फोन कनेक्ट नहीं हो पा रहे हैं।

नेपाल में भोटेकोशी और त्रिशूली नदी क्षेत्र में आई आपदा की खबर सामने आने के बाद से देहरादून में रहने वाले गोरखा समाज के लोगों में बेचैनी है। कई लोगों के रिश्तेदार और परिचित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रहते हैं। परिजनों से संपर्क नहीं होने के कारण लोग लगातार उनकी कुशलक्षेम जानने का प्रयास कर रहे हैं।

गोरखा फ्रंट के सूर्या साही ने बताया कि उनके कई परिचित आपदा प्रभावित क्षेत्र और उसके आसपास रहते हैं। लगातार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि फोन संपर्क होने के बाद ही वहां की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा। नेपाल में बड़ी संख्या में भारतीयों के मौजूद होने की जानकारी से भी स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ी हुई है।

उत्तराखंड सरकार से मदद की अपील

नेपाली मूल के लोगों ने उत्तराखंड सरकार से नेपाल में फंसे लोगों की मदद के लिए जल्द कदम उठाने की अपील की है। सामाजिक कार्यकर्ता राजन बस्नेत ने कहा कि उत्तराखंड नेपाल का सबसे निकटवर्ती राज्य है और ऐसे संकट के समय प्रभावित लोगों की सहायता के लिए जल्द सहयोग शुरू किया जाना चाहिए।

इस बीच, नेपाल में आई आपदा के बाद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी भारत सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रभावित भारतीयों और उनके परिजनों की मदद के लिए संपर्क व्यवस्था और राहत प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button