देहरादून: शराब के नशे में पत्नी से करता था मारपीट, विवाद के बाद धारदार हथियार से हत्या; भाई ने बताई पति की करतूत

देहरादून। मोहनी रोड पर सोनू पाल हत्याकांड में मृतका के भाई ने अपने जीजा रामजी पाल के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। भाई का आरोप है कि रामजी शराब का आदी था और शराब पीने के बाद अक्सर सोनू के साथ मारपीट करता था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या निवासी 38 वर्षीय रामजी पाल अपने परिवार और बच्चों के साथ मोहनी रोड स्थित एक मकान के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वह बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटा। इसी दौरान उसका पत्नी सोनू से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर रामजी ने कमरे के पास रखे धारदार पाठल से सोनू के गले पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के भाई समरजीत ने पुलिस को बताया कि सोनू लंबे समय से पति के व्यवहार से परेशान थी। दोनों के बीच घरेलू विवाद को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। भाई के मुताबिक, शराब के नशे में रामजी द्वारा सोनू के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
सीओ डालनवाला नितिन लोहानी के अनुसार, सोनू के बड़े भाई की तहरीर पर रामजी पाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस दंपती के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद और मारपीट के आरोपों की भी जांच कर रही है।
रक्षाबंधन से ठीक पहले हुई इस घटना ने सोनू के मायके वालों को गहरा सदमा पहुंचाया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने देहरादून में ही सोनू का अंतिम संस्कार किया। उसके बच्चे फिलहाल ननिहाल में हैं।



