रक्षाबंधन पर दर्दनाक हादसा: भाई को राखी बांधकर फुफेरे भाई के घर जा रही थी बहन, सड़क के गड्ढे ने छीनी जान

कोटद्वार। रक्षाबंधन के दिन कोटद्वार में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 34 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने सगे भाई को राखी बांधने के बाद फुफेरे भाई को राखी बांधने के लिए बाइक से जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक उछली और महिला सड़क पर गिर गई। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, अनामिका नैथानी रक्षाबंधन पर भाबर के किशनपुर स्थित अपनी ससुराल से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के तल्ला मोटाढाक स्थित मायके पहुंची थीं। यहां उन्होंने अपने भाई अनुराग दुदपुड़ी को राखी बांधी। इसके बाद वह अपने भाई के साथ बाइक से कोटद्वार के जौनपुर निवासी फुफेरे भाई जगदंबा को राखी बांधने के लिए निकली थीं।
दोनों बीईएल मुख्य मार्ग से बलभद्रपुर होते हुए जौनपुर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे में बाइक के उछलने से अनामिका सड़क पर गिर गईं। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। भाई उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। अनामिका बिजनौर जिले की नजीबाबाद तहसील के मोटाढाक गांव के पूर्व प्रधान मनमोहन दुदपुड़ी और अनीता दुदपुड़ी की बेटी थीं।
परिजनों ने पुलिस से घटना में कोई कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। वहीं, स्थानीय ग्राम प्रधान ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर नाराजगी जताई और हादसे पर दुख व्यक्त किया।



