उत्तराखंड

उत्तराखंड: अक्तूबर में होगी अल्टीमेट साइकिल चैलेंज, 700 किमी के दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर दम दिखाएंगे साइकिलिस्ट

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड में शीतकालीन और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अक्तूबर में अल्टीमेट उत्तराखंड साइकिल एमटीबी चैलेंज 2026 का आयोजन किया जाएगा। सात दिन तक चलने वाली यह प्रतियोगिता 14 से 20 अक्तूबर तक आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागियों को करीब 700 किलोमीटर लंबे दुर्गम पहाड़ी मार्गों पर साइकिल चलानी होगी।

60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट होंगे शामिल

प्रतियोगिता में 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एलीट और लाइसेंसधारी पेशेवर साइकिलिस्टों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन का उद्देश्य उत्तराखंड को शीतकालीन साहसिक पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में पहचान दिलाना है।

मुक्तेश्वर से शुरू होकर मसूरी में होगा समापन

अल्टीमेट एमटीबी चैलेंज का रोमांचक सफर नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से शुरू होगा। इसके बाद साइकिलिस्ट बागेश्वर, कर्णप्रयाग, गुप्तकाशी और टिहरी की पहाड़ियों से गुजरते हुए देहरादून जिले की मसूरी की वादियों तक पहुंचेंगे। प्रतियोगिता का रूट सामान्य सड़कों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दुर्गम पहाड़ी ट्रैक भी इसका हिस्सा होंगे।

रूट का होगा तकनीकी निरीक्षण

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रतियोगिता की रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया, उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड, जीएमवीएन, केएमवीएन और तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम को एक सप्ताह के भीतर पूरे रूट का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

टीम रूट के हर मोड़, चढ़ाई और ट्रैक का निरीक्षण करेगी, ताकि प्रतियोगिता को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जा सके।

बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

पर्यटन विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में पर्यटन को केवल गर्मियों तक सीमित न रखकर पूरे साल बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में साहसिक पर्यटन और वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। अल्टीमेट साइकिल चैलेंज से राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दियों के दौरान भी पर्यटकों और एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रेमियों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button