चमोली: स्कूल जा रहे बच्चों के सामने अचानक आया भालू, दो शावक भी थे साथ; दहशत में लौटे घर

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में स्कूल जा रहे बच्चों के सामने अचानक भालू अपने दो शावकों के साथ आ गया। भालू को देखते ही बच्चे घबरा गए और शोर मचाते हुए अपनी जान बचाकर वापस घर लौट गए। घटना के बाद अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे नैल, गुणम और सिदेली गांवों के करीब 15 छात्र-छात्राएं स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान ढोगडम तोक के पास रास्ते में अचानक भालू और उसके दो शावक सामने आ गए। बच्चों ने भालू को देखा तो वे डर गए और शोर मचाते हुए वापस गांव की ओर दौड़ पड़े।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से संपर्क किया। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें फिलहाल घर पर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही अभिभावकों से कहा गया है कि वे बच्चों को अकेले स्कूल न भेजें।
नैल गांव के छात्रों अरमान और मीनाक्षी ने बताया कि स्कूल जाते समय रास्ते में अचानक भालू अपने दो शावकों के साथ दिखाई दिया। घटना की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है, जिसके बाद क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। खासकर शावकों के साथ भालू के होने के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।



