उत्तराखंड

मसूरी में प्रशासन और एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, अपर माल रोड पर चार अवैध दुकानें ध्वस्त

Listen to this News

मसूरी: अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन के पास अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सोमवार को प्रशासन और मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम के आदेश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एमडीडीए की टीम ने जेसीबी चलाकर चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया।

एमडीडीए के सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि रॉक स्टोन के पास अनधिकृत निर्माण को लेकर संजय मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा के खिलाफ प्राधिकरण में वाद दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद प्राधिकरण ने 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया था। इसी आदेश के अनुपालन में सोमवार को चार दुकानों को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, अवर अभियंता अनुज पांडेय और सुपरवाइजर संजीव मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा और कोतवाली मसूरी के एसएचओ देवेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

जेसीबी से चारों दुकानों को एक-एक कर ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। एमडीडीए अधिकारियों ने कहा कि संबंधित स्थल पर दोबारा अनधिकृत निर्माण न हो, इसके लिए निगरानी रखी जाएगी। साथ ही नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माण के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button