उत्तराखंड: मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू, युवाओं को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इस योजना का खास लाभ प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को मिलेगा। अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग लेने की जरूरत नहीं होगी। वे घर बैठे विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे।
योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों के साथ ही शासकीय और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) की सिविल सेवा परीक्षाओं के अलावा रक्षा सेवा, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही सामान्य प्रवेश परीक्षा, प्रबंधन अभिरुचि परीक्षा, इंजीनियरिंग में स्नातक अभिरुचि परीक्षा (GATE), राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) और CSIR-NET जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार ने इस योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। योजना के तहत हर साल 11 हजार छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग देने की व्यवस्था की गई है।
सरकार का उद्देश्य आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण प्रतिभाशाली युवाओं के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से वंचित होने की समस्या को कम करना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मार्गदर्शन घर बैठे उपलब्ध कराना है।



