उत्तराखंड

देहरादून: माउंट किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोही रियांश और प्रिशा सीएम धामी से मिले

Listen to this News

देहरादून। अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बाल पर्वतारोहियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी नौ वर्षीय रियांश पंत और नैनीताल जिले के बैलपड़ाव की 10 वर्षीय प्रिशा रावत ने 22 अगस्त 2026 को 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया था। इतनी कम उम्र में चुनौतीपूर्ण पर्वत शिखर पर पहुंचकर दोनों ने उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

सीएम धामी ने की साहस और आत्मविश्वास की सराहना

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी कठिन चोटी का सफल आरोहण करना दोनों बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रियांश और प्रिशा की उपलब्धि प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में प्रदेश के युवा लगातार बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button