दिल्ली: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के चलते 11 से 13 सितंबर तक अदालतें रहेंगी बंद, हाईकोर्ट में सिर्फ 11 को अवकाश

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को देखते हुए अदालतों के कामकाज को लेकर अहम फैसला लिया गया है। दिल्ली की जिला अदालतें 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेंगी। वहीं, दिल्ली हाईकोर्ट में 11 सितंबर को अवकाश रहेगा।
ब्रिक्स सम्मेलन के कारण लिया गया फैसला
18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। सम्मेलन को लेकर राजधानी में सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। वीवीआईपी आवाजाही के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाने हैं।
11 सितंबर को सरकारी कार्यालय और स्कूल भी बंद
ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर दिल्ली में 11 सितंबर को सरकारी कार्यालयों के साथ स्कूलों में भी अवकाश घोषित किया गया है। 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार होने के कारण पहले से ही सप्ताहांत का अवकाश रहेगा।
पटियाला हाउस कोर्ट को लेकर भी व्यवस्था
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पटियाला हाउस कोर्ट में 11 सितंबर को वर्चुअल तरीके से सुनवाई कराने की संभावना पर विचार करने का अनुरोध किया है। पुलिस का कहना है कि ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम और आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रतिबंधों के कारण न्यायाधीशों, वकीलों, पक्षकारों और कोर्ट कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए आम लोगों को भी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है।



