जयपुर: आमेर में टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की चाकू मारकर हत्या, बाजार बंद; सड़क पर उतरे लोग

जयपुर: राजस्थान के जयपुर स्थित आमेर में टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की चाकू मारकर हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सोमवार को मावठा सरोवर के पास विवाद के दौरान मनीष पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर हालत में उन्हें सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गाड़ी किले तक ले जाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह आमेर किले की ओर वाहनों की आवाजाही को लेकर विवाद हुआ था। मनीष सोनी वाहनों को किले की ओर जाने से रोक रहे थे। इसी दौरान जीप चालक आजम से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आजम और उसके साथी नाजिश पर मनीष पर चाकू से हमला करने का आरोप है। चाकू पेट में लगने से मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इलाज के दौरान हुई मौत
हमले के बाद मनीष को गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज किया, लेकिन अधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण मंगलवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। मनीष की मौत की खबर आमेर पहुंचते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
विरोध में बाजार बंद, सड़क पर उतरे लोग
घटना के विरोध में आमेर के बाजार बंद रहे। स्थानीय लोग, व्यापारी और गाइड समुदाय आमेर थाने के बाहर एकत्र हुए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए आमेर किले की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात भी डायवर्ट किया गया और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
दोनों आरोपी हिरासत में
आमेर थाना पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी जीप चालक आजम और उसके साथी नाजिश को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का भी प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक आजम के खिलाफ आमेर थाने में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
परिवार और प्रदर्शनकारियों ने रखीं मांगें
मनीष की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें परिवार को मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और आमेर किले के आसपास अवैध जीप संचालन पर रोक लगाने की मांग शामिल है।
पुलिस-प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।



