देश

हमीरपुर में दर्दनाक हादसा: डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, 50 मीटर तक घिसटता रहा बैंक कर्मचारी; मौत

Listen to this News

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बैंक कर्मचारी की मौत हो गई। बिवांर-जलालपुर मार्ग पर मौरंग से लदे डंपर ने बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक डंपर में फंस गई और करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

घर लौटते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान बांधुर बुजुर्ग गांव निवासी 25 वर्षीय दीपांशु शुक्ला के रूप में हुई है। वह हमीरपुर स्थित एचडीबी फाइनेंशियल बैंक में फाइनेंसर के पद पर कार्यरत था। सोमवार रात करीब आठ बजे वह बाइक से हमीरपुर से अपने गांव लौट रहा था।

बताया गया कि बिवांर-जलालपुर मार्ग पर बड़ी पुलिया के पास जलालपुर की ओर से आ रहे मौरंग लदे डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक डंपर के नीचे फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई।

अस्पताल ले जाते समय मौत

हादसे के बाद राहगीरों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलने पर यूपी 112 की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। परिजन पहले घायल दीपांशु को निजी वाहन से लेकर निकले, इसके बाद एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

डंपर कब्जे में, चालक फरार

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया है। वहीं, हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार के अनुसार अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद चालक की तलाश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दीपांशु दो भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button