उत्तराखंड

हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू, सीएम धामी समेत कई नेता मौजूद; नितिन नवीन भी होंगे शामिल

Listen to this News

हल्द्वानी में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हो गई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों के अध्यक्ष-महामंत्री और विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पहुंचेंगे।

बैठक की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की शुरुआत हुई।

नितिन नवीन का होगा स्वागत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर करीब 2:20 बजे नितिन नवीन के स्वागत के लिए पंतनगर एयरपोर्ट जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:10 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। शाम पांच बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम सात बजे कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। सभी बैठकें हल्द्वानी में ही होंगी।

2027 के चुनाव को लेकर अहम मंथन

हल्द्वानी में हो रही यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी स्तर पर मंत्रियों और विधायकों के कामकाज, क्षेत्र में सक्रियता, जनता और कार्यकर्ताओं से संवाद तथा बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति को लेकर फीडबैक पर चर्चा होने की संभावना है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन की जमीनी स्थिति, बूथ प्रबंधन, मंडल स्तर पर समन्वय और सरकार की योजनाओं के धरातल तक पहुंचने जैसे मुद्दों पर भी फीडबैक लिया जा सकता है। हालांकि, टिकट में बदलाव को लेकर पार्टी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button