उत्तराखंड एसआईआर: डीएसई-पीएसई मॉड्यूल से नोटिस पर 15 दिन का समय, 24.29 लाख नोटिसों की सुनवाई पूरी

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में अब डेमोग्राफिक सिमिलर एंट्री (DSE) और फोटो सिमिलर एंट्री (PSE) मॉड्यूल लागू किए जाएंगे। इन मॉड्यूल के जरिए यदि किसी मतदाता का नाम दो जगह पाया जाता है तो संबंधित मतदाता को नोटिस जारी किया जाएगा और जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा।
24.29 लाख नोटिसों की सुनवाई पूरी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एसआईआर की प्रगति और आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 24 लाख 29 हजार से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख बढ़ाकर 3 अक्तूबर कर दी है। इससे एसआईआर की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
डीएसई और पीएसई मॉड्यूल से होगी जांच
बैठक में राजनीतिक दलों को बताया गया कि मतदाता सूची में डेमोग्राफिक सिमिलर एंट्री और फोटो सिमिलर एंट्री की पहचान के लिए डीएसई और पीएसई मॉड्यूल का इस्तेमाल किया जाएगा। यदि जांच में किसी मतदाता का नाम दो स्थानों पर दर्ज पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति को नोटिस भेजकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा।
नोटिस मिलने के बाद मतदाता को निर्धारित 15 दिनों के भीतर जवाब देना होगा। इसके आधार पर संबंधित मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दावे-आपत्तियों की सुनवाई भी जारी
एसआईआर के तहत मतदाता सूची से संबंधित फॉर्म-6, 7 और 8 पर प्राप्त दावों और आपत्तियों की सुनवाई भी जारी है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, इन पर 40 प्रतिशत से अधिक दावों और आपत्तियों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



