एमी विर्क के पिता ने फायरिंग की खबरों को बताया गलत, बोले- परिवार पूरी तरह सुरक्षित

पंजाबी सिंगर और अभिनेता एमी विर्क को लेकर कनाडा में फायरिंग की खबरों के बीच उनके पिता ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एमी और परिवार के सुरक्षित होने की पुष्टि करते हुए उन रिपोर्टों को खारिज किया है, जिनमें एमी या उनकी गाड़ी को निशाना बनाए जाने की बात कही जा रही थी।
दरअसल, 5 सितंबर को कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में एमी विर्क के कॉन्सर्ट के बाद उनके काफिले से जुड़ी एक गाड़ी पर फायरिंग की खबर सामने आई थी। स्थानीय पुलिस के अनुसार, मैक्कलम रोड इलाके में एक वाहन पर कई गोलियां चलाई गईं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
इसके बाद सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि हमलावरों ने एमी विर्क की गाड़ी को निशाना बनाया था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि उस वाहन में एमी विर्क मौजूद थे या नहीं। मामले की जांच जारी है।
एमी विर्क के पिता के बयान के बाद परिवार और प्रशंसकों को राहत मिली है। उन्होंने साफ किया कि उनका परिवार सुरक्षित है और एमी को लेकर फैली अफवाहों पर विश्वास न किया जाए।



