उत्तराखंड

गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव: मतदान शुरू, 14 बूथों पर 8776 छात्र-छात्राएं डालेंगे वोट

Listen to this News

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया। बिड़ला परिसर में बनाए गए 14 बूथों पर कुल 8776 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान दोपहर दो बजे तक चलेगा।

मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू होगी और शाम पांच बजे के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बिड़ला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पीएसी के जवानों के साथ जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती ने मतदान के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। छात्रों को ऐसी प्रिंटेड सामग्री के इस्तेमाल से बचने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे किसी संगठन की पहचान उजागर हो। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया में लिंगदोह समिति की सिफारिशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

इस चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों समेत विभिन्न पदों के लिए मतदान हो रहा है। चुनाव परिणाम के बाद निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 12 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button