उत्तराखंड

क्वारब बाईपास पर आदेश बेअसर: प्रतिबंध के बावजूद दौड़े भारी वाहन, हादसे का खतरा

Listen to this News

अल्मोड़ा जिले के क्वारब बाईपास मार्ग पर जिला प्रशासन के आदेशों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर बसों और भारी वाहनों की आवाजाही पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई है, इसके बावजूद शुक्रवार को प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहन चलते दिखाई दिए।

भूस्खलन के खतरे को देखते हुए लगाया गया था प्रतिबंध

क्वारब बाईपास मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन और पहाड़ी दरकने के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बसों और बड़े भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाई थी। आदेश के तहत केवल हल्के वाहनों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति दी गई है।

भारी वाहनों के लिए प्रशासन ने अल्मोड़ा-विश्वनाथ-शहरफाटक मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-13) और खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-14) को वैकल्पिक मार्ग के तौर पर निर्धारित किया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपनी और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रतिबंधित मार्ग पर आवाजाही नहीं करने की अपील भी की थी।

बड़े हादसे की आशंका

प्रशासन के आदेश के बावजूद भारी वाहनों के बाईपास से गुजरने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। मार्ग की स्थिति अभी भी संवेदनशील बताई जा रही है और लगातार भूस्खलन के कारण यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रशासन का कहना है कि मार्ग की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी। जब तक सड़क सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह सुरक्षित नहीं पाई जाती, तब तक बसों और बड़े वाहनों के संचालन पर रोक जारी रहेगी।

उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

प्रभारी डीएम एवं सीडीओ अल्मोड़ा रामजी शरण शर्मा ने कहा कि आदेशों के उल्लंघन पर पुलिस को निर्देशित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन आदेश का हर हाल में पालन कराएगा और नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button