उत्तराखंड

उत्तराखंड के 100 प्रमुख ट्रेकिंग रूट की होगी GPS-GIS मैपिंग, सीएम धामी ने अभियान दल को दिखाई हरी झंडी

Listen to this News

उत्तराखंड में ट्रेकिंग और साहसिक पर्यटन को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य के 100 प्रमुख ट्रेक और हाइक रूट की GPS/GIS मैपिंग और तकनीकी सर्वेक्षण किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से इसके लिए गठित अभियान दल को फ्लैग ऑफ किया।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की टीमें चयनित ट्रेकिंग मार्गों का स्थलीय सर्वेक्षण कर उनकी विस्तृत मैपिंग तैयार करेंगी। परियोजना के तहत ऑफलाइन और ऑनलाइन GPS नेविगेशन ऐप भी विकसित किया जाएगा, जिससे नेटवर्क कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी ट्रेकर्स मोबाइल फोन पर रूट और ट्रेल से जुड़ी जरूरी जानकारी देख सकेंगे।

परियोजना के तहत ट्रेकिंग रूट पर कैंप साइट, डस्टबिन और शौचालय के लिए उपयुक्त स्थानों की भी पहचान की जाएगी। इससे ट्रेकिंग मार्गों पर सुविधाओं के विकास, कूड़ा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी। आपात स्थिति में यह मैपिंग राहत और बचाव अभियानों को भी अधिक प्रभावी बनाने में उपयोगी होगी।

सीएम धामी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से प्रसिद्ध ट्रेकिंग स्थलों के साथ-साथ दूरस्थ और कम प्रसिद्ध ट्रेक रूट को भी पर्यटन मानचित्र पर लाने में मदद मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए गाइडिंग, होमस्टे और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों में रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button