नेपाल आपदा: सीएम धामी बोले- मुश्किल घड़ी में उत्तराखंड नेपाल के साथ, राहत के लिए भेजी टीम

नेपाल में आई आपदा को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में उत्तराखंड समेत पूरा देश नेपाल के साथ खड़ा है और हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।
सीएम धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच गहरे सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध हैं। उत्तराखंड की सीमा नेपाल से लगती है और प्रदेश के कई लोगों के नेपाल में रिश्तेदार भी हैं। ऐसे में उत्तराखंड से भी राहत और सहायता के लिए एक टीम नेपाल भेजी गई है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह टीम करीब आठ से दस दिन तक नेपाल में रहेगी। टीम के साथ तत्काल राहत कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि भी भेजी गई है। टीम वहां की स्थिति का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके आधार पर आगे जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत कर राहत एवं बचाव दल भेजने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।



