शेखपुरा में कार-बाइक की टक्कर के बाद विवाद, मुआवजा मांगने पर फायरिंग; एक गिरफ्तार

बिहार के शेखपुरा जिले के चेवाड़ा थाना क्षेत्र में कार और बाइक की टक्कर के बाद विवाद हो गया। इस दौरान लाइसेंसी पिस्टल से कई राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हथियार समेत गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम बरारीबीघा निवासी नकुल कुमार बाइक से घर लौट रहे थे। माने गांव के पास उनकी बाइक की टक्कर शेखपुरा के चकदिवान निवासी रंजीत कुमार यादव की कार से हो गई। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और नकुल को चोट भी लगी।
इसके बाद बाइक सवार के कुछ लोग क्षतिग्रस्त बाइक का मुआवजा मांगने माने गांव स्थित रंजीत कुमार यादव के क्रेशर पर पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान रंजीत कुमार यादव के कहने पर उनके बेटे लक्ष्मण कुमार यादव ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने रंजीत कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल, गोली का खोखा और अतिरिक्त कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में रंजीत कुमार यादव और उनके बेटे लक्ष्मण कुमार यादव को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



