बोकारो में 18 हजार रुपये रिश्वत लेते CCL के दो क्लर्क गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथ पकड़ा

बोकारो थर्मल के CCL कथारा एरिया स्थित गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में धनबाद CBI की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो डीलिंग क्लर्कों को 18 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कर्मचारियों की पहचान CMPF डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मचारियों पर एक सेवानिवृत्त CCL कर्मचारी के CMPF और पेंशन भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। जनता नगर निवासी रसूल जमा करीब सात महीने पहले सर्वे विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उनका CMPF और पेंशन भुगतान लंबित था।
बताया गया कि कर्मचारी की शिकायत के बाद CBI ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की कार्रवाई की। शुक्रवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने दोनों क्लर्कों को 18 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद CBI टीम ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को CBI अपने साथ ले गई। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।



