पश्चिम बंगाल SIR: 38.20 लाख अपीलों में से 37.18 लाख लंबित, चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को दी जानकारी

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर दाखिल 38.20 लाख अपीलों में से 37.18 लाख मामले अभी लंबित हैं। चुनाव आयोग ने यह जानकारी सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने जवाबी हलफनामे में दी है।
चुनाव आयोग के अनुसार, SIR से जुड़े फैसलों के खिलाफ कुल 38,20,683 अपीलें दाखिल की गई थीं। इनमें से अब तक 1,02,231 अपीलों का निपटारा हुआ है, जबकि 37,18,452 अपीलें लंबित हैं।
यह मामला पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने से संबंधित अपीलों के निपटारे से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले चुनाव आयोग से लंबित और निपटाई गई अपीलों का ब्योरा मांगा था तथा इनके समयबद्ध निपटारे के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी देने को कहा था।
आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 17 दिसंबर 2025 को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने से 7 अगस्त 2026 तक फॉर्म-6 के तहत 34.13 लाख आवेदन भी दाखिल किए गए। फॉर्म-6 का इस्तेमाल मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए किया जाता है।



