उत्तराखंड: विदाई से पहले फिर करवट लेगा मानसून, 26 सितंबर तक पहाड़ों में बारिश के आसार

उत्तराखंड में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने 26 सितंबर तक राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान कई इलाकों में बादल छाए रहने और मौसम में बदलाव की संभावना है।
21 से 26 सितंबर के बीच चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत के कुछ हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मैदानी इलाकों में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और बादलों के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही करने वाले लोगों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
25 से 30 सितंबर के बीच मानसून की विदाई
प्रदेश से मानसून की विदाई 25 से 30 सितंबर के बीच होने की संभावना जताई गई है। इससे पहले पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
वहीं, पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना हुआ था। मैदानी इलाकों में चटक धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था।



