हरिद्वार कुंभ 2027: 65 लाख रुपये से बनेंगे पैदल मार्ग, रेलवे स्टेशन और रोडवेज तक पहुंच होगी आसान

हरिद्वार। कुंभ 2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए करीब 65 लाख रुपये की लागत से पैदल मार्ग और पहुंच रास्ते विकसित किए जा रहे हैं। इन मार्गों को धार्मिक स्थलों के साथ रेलवे स्टेशन और रोडवेज से जोड़ने की योजना है।
मेला प्रशासन के अनुसार, कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पैदल यात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रास्तों पर दिशा बताने वाले संकेतक भी लगाए जाएंगे, ताकि भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो। इन कार्यों को अक्तूबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कुंभ की तैयारियों को लेकर हाल ही में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में संबंधित विभागों को अपने कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए।
पुलों के निर्माण को भी मंजूरी
कुंभ मेले की व्यवस्थाओं के तहत हरिद्वार में सूखी नदी पर डबल लेन पुल के निर्माण के लिए शहरी विकास विभाग को धनराशि मंजूर की गई है। इसके अलावा मायापुर स्क्रैप चैनल पर दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने वाले पुल के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।
मेला प्रशासन का कहना है कि पैदल मार्ग, पहुंच सड़कों और पुलों के विकास से कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।



